बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी तो होगा बड़ा आंदोलन: अजय कुमार साव

5

ईचागढ़ I  सरायकेला खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड स्थित रूगड़ी सब स्टेशन से बिजली की अनियमित आपूर्ति से क्षेत्र के लोगों में भयंकर आक्रोश व्याप्त है। भीषण गर्मी में त्रस्त जनता ने बिजली की आंखमिचौली से तंग आकर आंदोलन की चेतावनी तक दे डाली है। गुरुवार को इस संदर्भ में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर समाजसेवी अजय कुमार साव ने कहा कि रूगड़ी सब स्टेशन के अंतर्गत उपभोक्ताओं द्वारा नियमित रूप से बिजली बिल भरे जाने के बावजूद अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग परेशान हैं। जिस प्रकार से भीषण गर्मी पड़ रही है, बिजली नहीं होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ख़ासकर बीमार व्यक्तियों पर इसका दुष्प्रभाव सीधे तौर पर देखा जा सकता है। बिजली विभाग जिस तत्परता से बिजली बिल वसूली का कार्य करती है उसी तत्परता से बिजली की निर्बाध आपूर्ति पर भी विभाग को संजीदा रहना चाहिए। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग कान में तेल डालकर सोया हुआ है। श्री साव ने मीडिया के माध्यम से विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि तत्काल अगर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा। आवश्यकता पड़ी तो सिल्ली-रांगामाटी स्टेट हाइवे को भी अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया जाएगा।  उन्होंने विज्ञप्ति में कहा है कि आगे इस मुद्दे पर और भी बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

अजय कुमार साव, समाजसेवी,टीकर, ईचागढ़

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/fczw

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *