घायल छात्रा बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर

IMG-20230315-WA0053
हनवारा।  महागामा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय लौगांय में बीते सोमवार को स्कूल पढ़ने गई एक 12 वर्षीया दिव्यांग छात्रा फिरोजा खातून मांड़ से जल गई। पीड़िता को तत्काल महागामा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को पीड़िता को बोकारो बर्न हॉस्पिटल रेफर किया गया।
 घटना की जानकारी मिलते ही महागामा के एसडीओ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी प्राप्त की। घटना के सम्बंध में स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि 12 वर्षीय छात्रा फिरोजा खातून छठी क्लास में पढ़ती है। रोज की तरह सोमवार को भी स्कूल पढ़ने आई थी। रसोइया के द्वारा मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। शौचालय और रसोई घर अगल बगल होने के कारण रसोइया द्वारा चावल का मांड़ शौचालय के बगल में एक बाल्टी में रखा गया था। छात्रा फिरोजा खातून शौचालय जाने के क्रम में फिसल गई और बगल में रखे मांड़ की बाल्टी गिर गई। गर्म मांड़ रहने के कारण छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। आनन फानन में छात्रा को रेफरल अस्पताल महागामा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया। बुधवार को गोड्डा से बेहतर इलाज के लिए बोकारो भेज दिया गया हैं।
वहीं घटना के बाद महागामा के भाजपा पूर्व विधायक अशोक कुमार भगत ने अपने फेसबुक वॉल पर छात्रा के जलने पर गम्भीर आरोप लगाया है। कहा है कि एक गरीब, दिव्यांग एवं नाबालिग छात्रा फिरोजा खातून से वहां के शिक्षकों के द्वारा मध्याह्न भोजन बनवाया जा रहा था। भोजन बनाने के क्रम में उक्त छात्रा बुरी तरह से जल गई है। शिक्षकों के द्वारा आनन-फानन में सादर अस्पताल गोड्डा में भर्ती कराकर छोड़ दिया गया है। बुरी तरह से घायल बच्ची एवं उसका पूरा परिवार दहशु में है, जिसे डरा धमका कर एवं प्रलोभन देकर इस संगीन मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
मानवता को शर्मसार करने वाली एवं गरीब दिव्यांग बच्ची का शोषण करने वाली यह संगीन अपराध की घटना है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि घायल बच्ची का समुचित इलाज की व्यवस्था करते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाय।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/266d

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *