
दुमका: रामगढ़-गुहियाजोरी मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में सड़क पार कर रही वृद्धा और बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दहीचुंवा गांव की रहने वाली 70 वर्षीय बिंदी देवी सड़क पार कर रही थीं, जब एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार इनोसेंट मुर्मू (25), जो गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सुगाबथान गांव का निवासी था, भी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद बिंदी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इनोसेंट मुर्मू को एंबुलेंस से फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने रामगढ़-गुहियाजोरी मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग शुरू कर दी। जाम की सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की।
अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना नगर थाना को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।