लक्ष्य प्राप्ति तक रोजगार सेवक के वेतन निकासी पर लगाई रोक
बैठक से अनुपस्थित पाए जाने पर सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता पर गिरी गाज
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड सभागार में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में विकास कार्यों को लेकर आयोजित साप्ताहिक बैठक में बिना पूर्व सूचना अथवा छुट्टी के अनुपस्थित रहने पर सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता पर गाज गिरी। इसमें बीडीओ ने सहायक अभियंता मो. अख्तर अंसारी, कनीय अभियंता संजय सोरेन, सुलेमान मुर्मू, प्रह्लाद कुमार दास को अनाधिकृत रूप से बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण पूछा गया।
जिला औसत से कम व कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर पंचायत सचिव का एक माह का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण पूछा गया
जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने विकास कार्यों को लेकर आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य औसत से कम व कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के पंचायत सचिव का एक माह का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण पूछा। इसमें आवास योजना के कार्य में जिला औसत से कम और कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने के कारण हरिपुर बाजार पंचायत के पंचायत सचिव सनोज दास, पेटसार पंचायत के चंद्रदेव किस्कु, राजा सिमरिया के प्रवीण पीटरसन मुर्मू, कुशमाहा चिकनिया के अनिरुद्ध राणा, जोंका पंचायत के राजेश यादव, शंकरपुर पंचायत के बालकृष्ण मिर्धा, हथनामा पंचायत के अभिषेक टुडू, चोरखेदा पंचायत के अक्षय कुमार, बरमासा पंचायत के पंचायत सचिव फिरोज अंसारी का एक माह का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण पूछा गया।
पर्याप्त मानव दिवस सृजित न करने एवं प्रत्येक गांव में योजना संचालित नहीं करने को लेकर रोजगार सेवक से स्पष्टीकरण पूछा गया
जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में पर्याप्त मानव दिवस सृजित न करने एवं प्रत्येक गांव में पांच-पांच योजना संचालित नहीं करने को लेकर बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के रोजगार सेवक से स्पष्टीकरण पूछा। इसमें जरमुंडी प्रखंड के पेटसार पंचायत के रोजगार सेवक होपना मरांडी, सहारा पंचायत के पुरुषोत्तम अम्बष्ठ, ठेकचाघोंघा पंचायत के लाल बिहारी मुर्मू, खरबिल्ला के ऋषि मिश्रा, चमराबहियार के हीरा राय, पुतलीडाबर के श्यामदेव मंडल, हथनामा के तारकनाथ भुई, कुशमाहा पंचायत के रामाशंकर झा, चोरखेदा पंचायत के बालेश्वर हांसदा, बरमसिया पंचायत के दरबारी टुडू से स्पष्टीकरण पूछा गया है।
15 वें वित्त आयोग के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं रहने के कारण लक्ष्य प्राप्ति तक वेतन निकासी पर लगाई रोक
जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं रहने के कारण जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने पुतलीडाबर पंचायत के पंचायत सचिव कृतिलता शर्मा, काला डुमरिया पंचायत सचिव राजेश यादव, पेटसार पंचायत के चंद्रदेव किस्कु, राजा सिमरिया पंचायत के अनिल पीटरसन मुर्मू, शंकरपुर पंचायत के बालकृष्ण मिर्धा, चमराबहियार पंचायत के प्राणमोहन मुर्मू, गरडा अमराकुंडा पंचायत के कार्तिक देहरी, खरबिल्ला पंचायत के अनिल पीटरसन मुर्मू, कुशमाहा पंचायत के संजय कुमार घोष, बनवारा पंचायत के अनिल पीटरसन मुर्मू, जोंका पंचायत के राजेश यादव का 15वें वित्त आयोग के कार्यों में राज्य स्तर से कम प्रगति औसत रहने के कारण राज्य स्तर के बराबर अथवा लक्ष्य प्राप्ति तक वेतन के निकासी पर रोक लगाई गई।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/mvv0