मृतक व घायल बिहार के बांका जिला अंतर्गत रजौन थाना क्षेत्र के महगामा गांव निवासी
जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकीनाथ-नोनीहाट मुख्य मार्ग में मोतिहारा पुल के समीप हुई कार दुर्घटना
बासुकीनाथ। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकीनाथ-नोनीहाट मुख्य मार्ग में मोतिहारा पुल के नीचे कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि कार सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इनके एक अन्य साथी का कोई पता नही चल रहा है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस द्वारा गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति की बासुकीनाथ नंदी चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। जहां मौजूद चिकित्सक डाक्टर अभिषेक कुमार के द्वारा दोनों घायलों की प्राथमिक चिकित्सा की गयी। प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत गम्भीर स्थिति में दोनों घायलों को दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घटना में मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत रजौन थाना क्षेत्र के महगामा गांव निवासी 35 वर्षीय प्रीतम कुमार पिता उपेंद्र सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत रजौन थाना क्षेत्र के महगामा गांव निवासी राजू सिंह पिता नकुल प्रसाद सिंह व पवन कुमार पिता नवीन प्रसाद सिंह के रूप में हुई। वहीं युवकों का अन्य साथी नीतीश कुमार का कहीं पता नही चल रहा है। घायल राजू ने बताया के वे लोग कुल चार मित्र घर से बासुकीनाथ पूजा करने के लिए रात्रि बारह-एक बजे के करीब कार से निकले थे। सुबह चार-पांच बजे के बीच नोनीहाट- बासुकीनाथ मार्ग में मोतिहारा पुल के निकट वाहन अनियंत्रित होने से पुल से नीचे नदी में पत्थरों के बीच जा गिरी। घटना में प्रीतम की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि अन्य घायल हो गए। मार्ग में गुजर रहे राहगीरों के द्वारा जरमुंडी थाना को इसकी सूचना दी गयी। सूचना मिलने पर जरमुंडी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दयानंद साह ने त्वरित पहल करते हुए जरमुंडी के एएसआई योगेंद्र शर्मा व सशस्त्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी। घटनास्थल पर घायल पड़े दोनों युवकों को बासुकीनाथ नंदी चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जप्त कर लिया है और अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/al67