काठीकुंड/दुमका/ बुधवार को पुताई के लिये मिट्टी निकालने के क्रम में मिट्टी के नीचे दब कर काठीकुंड थाना क्षेत्र की दो महिलाओं की मौत हो गयी. घटना पकुड़िया थाना क्षेत्र के बीचपहाड़ी गांव में बुधवार को घटी थी. काठीकुंड थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के कुटकु टोला की 37 वर्षीय सुरुजमुनी हेम्ब्रम व 25 वर्षीय मुकी हासदा अपने अन्य साथियों के साथ घर रंगने में उपयोग आने वाले लाल मिट्टी लाने पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बीचपहाड़ी गांव गई थी. मिट्टी खुदाई करने के लिये महिलाएं जमीन के अंदर बनी सुरंग में घुसी थी. इसी दौरान मिट्टी धस जाने से दोनों महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गयी और मौके पर ही दम घुटने से उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद बुधवार रात दोनो मृत महिलाओं का शव गांव पहुंचते ही मातम छा गया. हादसे में मृत सुरूजमुनी अपने पीछे 2 लड़की व 2 लड़के का भरा पुरा परिवार छोड़ गयी,जिनके पिता भी इस दुनिया में नहीं है,वहीं मुकी की दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी. इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार को झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य आलोक सोरेन व झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल जब्बार,रजनीश कुमार पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे. श्री सोरेन ने दोनों परिवारों को ढाढ़स बंधाते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की. उन्होंने कहा कि घटना झकझोर देने वाली है. कहा कि जो चुका है,उस पर तो हम कुछ कर नहीं सकते,लेकिन पीड़ित परिवारों को हर सरकारी लाभ से लाभांवित करने के साथ ही बच्चों के भविष्य को लेकर हमारे स्तर से जो संभव हो सकेगा,हर प्रयास किया जायेगा. कहा कि,पीड़ित परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदनाएं है. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष ने भी दोनों पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद प्रदान की.
मिट्टी खोदने के दौरान मिट्टी धसने से एक ही गांव दो महिलाओं की हुई दर्दनाक मौत
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/2fla