देवघर में प्रधान शिक्षिका को पारा शिक्षक ने मारी गोली

देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र के एक स्कूल में गुरुवार को प्रधान शिक्षिका पर गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। बंधुकुरूमटाड गांव के पारा शिक्षक शैलेश यादव ने स्कूल में घुसकर प्रधान शिक्षिका चांदनी कुमारी पर दो बार फायरिंग की। पहली गोली निशाने से चूक गई, लेकिन दूसरी गोली चांदनी कुमारी के दाहिने हाथ में लगी।

घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घायल प्रधान शिक्षिका को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। गोली लगने से उनके चेहरे पर खून के छींटे बिखर गए थे।

फायरिंग के बाद आरोपी शैलेश यादव मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अन्य शिक्षकों से पूछताछ कर रही है ताकि फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना ने स्कूल और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/jjco