जम्मू। आगामी 19 जनवरी को जम्मू कश्मीर में दाखिल होने वाली भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस की तैयारियां जोरशोर से जारी है। लखनपुर में केंद्रीय कमेटी के वरिष्ठ टीम के सुशांत मिश्रा और बैजू ने तैयारियों का जायजा लिया। जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा ने बताया कि तीन दिन कठुआ जिले में प्रवास करेंगे राहुल गांधी। 19 जनवरी को यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और रात लखनपुर के पास ही रुकेगी। 20 जनवरी को यात्रा हटली मोड़ से रवाना होकर चड़वाल पहुंचेगी। इसके बाद यहां राहुल गांधी सीमावर्ती लोगों और प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात करेंगे। 21 जनवरी को भी यात्रा चड़वाल में प्रवास करेगी। 22 जनवरी की सुबह सांबा की ओर रवाना हो जाएगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य पंकज शर्मा ने बताया कि लखनपुर में यात्रा का पहला पड़ाव स्थल पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। जहां सबसे पहले महाराजा गुलाब सिंह की प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए किए जा रहे इंतजामों को पुख्ता बनाए रखने के लिए विभिन्न कमेटिया अपना काम कर रही है। कमेटी के सदस्यों ने लखनपुर के साथ चड़वाल में भी इंतजामों का जायजा लिया है जहां करीब पच्चीस कनाल भूमि पर यात्रा के लिए एक दिन का विश्राम स्थल बनाया गया है। इन स्थानों की सभी व्यवस्था कमेटी द्वारा खुद की जा रही है। लिहाजा उन्होंने इसका दौरा कर वहां के हालात का भी जायजा लिया है।
राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर में आठ दिन बिताएंगे
भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन चरण के दौरान राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर में आठ दिन बिताएंगे। पार्टी की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल ने शनिवार को यह जानकारी दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की जम्मू-कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी अगले महीने के तीसरे हफ्ते में केंद्र शासित प्रदेश में प्रवेश करेंगे। रजनी पाटिल ने आम लोगों, राजनीतिक, सामाजिक व गैर सरकारी संगठनों से यात्रा में शामिल होने की अपील भी की। पाटिल ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकार रसूल वानी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पत्रकारों से कहा, राहुल गांधी जनवरी के तीसरे हफ्ते में जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के बाद आठ दिन यहां बिताएंगे। उन्होंने कहा कि इनमें से चार दिन वह जम्मू, जबकि चार दिन कश्मीर में गुजारेंगे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/vfs6