
मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय में धरना-प्रदर्शन
रानीश्वर, 5 अक्टूबर 2024: मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन आज भी जारी रहा। यह प्रदर्शन 2 अक्टूबर को शासी निकाय की अवैध बैठक में लिए गए निर्णय के विरोध में हो रहा है, जिसमें कोरम पूरा न होने के बावजूद प्रभारी प्राचार्य प्रो. उदय प्रसाद सिंह को पद से हटाकर सबसे कनिष्ठ शिक्षक प्रो. विभास चन्द्र झा को प्रभारी प्राचार्य नियुक्त कर दिया गया।
शिक्षक संघ और कर्मचारियों ने इस निर्णय को अन्यायपूर्ण करार दिया है। उनका आरोप है कि शासी निकाय के सचिव असीम कुमार लायक द्वारा प्रो. उदय प्रसाद सिंह पर पद छोड़ने के लिए अनुचित दबाव डाला जा रहा है। इस संदर्भ में प्रो. सिंह से बार-बार एक ही पत्र भेजा जा रहा है। जब प्रो. सिंह ने इस बैठक की प्रोसिडिंग की कॉपी मांगी, तो सचिव टालमटोल करने लगे।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, जब सी न्यूज़ भारत के संवाददाता शुभांकर ने सचिव से सबसे कनिष्ठ शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य बनाने का कारण पूछा, तो सचिव ने केवल यह कहकर जवाब दिया कि उन्हें डिग्री कॉलेज और यूजीसी के नियमों की जानकारी नहीं है।
महाविद्यालय के कर्मियों ने सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के कुलपति से इस मामले की जांच के लिए एक समिति के गठन की मांग की है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे, जिनमें संघ के अध्यक्ष प्रो. गजेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. डॉ. स्वर्ण कुमार सिंह, प्रो. नव कुमार पाल, प्रो. अशोक राय, प्रो. आबिद रजा, प्रो. हुमायूं कबीर, प्रो. आशीष कुमार मंडल, प्रो. काजल मंडल, प्रो. रियाजउद्दीन, तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी श्री विश्वनाथ घोष, श्री भास्कर महतो, श्री शांति राम मंडल, निमाय लेट और गोपी शामिल थे।
