बोकारो I विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सेल/बोकारो स्टील प्लांट लाइफ कैंपेन चला रहा है. इस संबंध में बोकारो स्टील प्लांट के पर्यावरण संरक्षण एवं सस्टेनेबिलिटी विभाग ने जन स्वास्थ्य विभाग और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ 2 जून 23 को सूर्य मंदिर जलाशय में सफाई अभियान शुरू किया. सूर्य मंदिर के किनारे से प्लास्टिक कचरा और अन्य मलबे को हटा दिया गया और पर्यावरण संरक्षण और जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामूहिक रूप से सफाई की गई.
इस अवसर पर, मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन), बी एस पोपली ने बोकारो के नागरिकों से जल निकायों में प्लास्टिक अपशिष्ट और अन्य मलबे को नहीं फेंकने का आह्वान किया क्योंकि यह तालाबों की जल धारण क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, साथ ही भूजल स्तर को भी कम करता है. यह तालाब के जलीय जीवन के लिए भी हानिकारक है. महाप्रबंधक/पर्यावरण एवं संरक्षण नवीन प्रकाश श्रीवास्तव ने भी लोगों से धरती माता और प्रकृति के अनुरूप जीवन शैली अपनाने की अपील की. जनस्वास्थ्य अधिकारी श्री एस.के. परेरा एवं मो. तसनीम ने भी जलाशयों को साफ रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बोकारो स्टील प्लांट के जलाशयों की नियमित सफाई पूरे बोकारो में जारी रहेगी. इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक/पर्यावरण एन. रंजन, वरिष्ठ प्रबंधक/पर्यावरण अंकित कुमार एवं प्रबंधक/पर्यावरण वी.एन. कुमार सहित पर्यावरण संरक्षण एवं सस्टेनेबिलिटी विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.