
सखी मंडल की महिलाएं प्रशिक्षण पूरा करने बाद
इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), जामा, दुमका में 6 दिवसीय शॉप कीपर प्रशिक्षण का समापन किया गया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक पंकज कुमार चौधरी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण में सीखे गए गुर अपने सहयोगियों के बीच फैलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार की ओर प्रेरित हो सकें। चौधरी ने बताया कि सरकार स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है, जिससे महिलाएं अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकती हैं।
प्रशिक्षण के दौरान, समूह की महिलाओं को सामग्री प्रबंधन, दुकानों की साफ-सफाई, बैंक लेन-देन के नियम और व्यापारिक प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम समन्वयक अमरदीप कुमार ने शॉप कीपर महिलाओं को व्यापार से जुड़ी विभिन्न तकनीकी जानकारियाँ दीं, ताकि वे अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सकें।
आने वाले समय में आरसेटी द्वारा ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट, सिलाई-कटाई, अगरबत्ती निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग और जूट उत्पाद जैसे अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अक्टूबर महीने में महिलाओं के लिए सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू होगा, जिसके लिए 18 से 45 वर्ष की इच्छुक महिलाएं पंजीकरण कर सकती हैं।