मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को दिया निर्देश
गोड्डा। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों को ग्रामीणों के साथ मित्रवत व्यवहार करने तथा मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, परिचारी प्रवर, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, पुलिस एसोसिएशन एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। साथ ही पुलिस सभा आयोजित कर पुलिस कर्मियों की समस्या के निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया तथा अपराध, विधि-व्यवस्था एवं पुलिस द्वारा किये जा रहें कार्यों के संबंध में विस्तृत परिचर्चा की गई। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अवैध रूप से शराब, कोरैक्स, गांजा इत्यादि मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले एवं तस्करी करने वाले के अड्डों पर छापामारी करने एवं संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई हेतु निर्देशित किया । कहा कि सभी दागियों और अपराधिक छवि वाले लोगों पर कड़ी नजर रख कर सर्विलांस प्रोसीडिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। डायन प्रथा, मानव तस्करी, बच्चा चोरी अफवाह जैसी घटनाओं के संबंध में जन जागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया। एसपी ने प्रत्येक सप्ताह के गुरुवार को जिला के सभी थाना में थाना दिवस आयोजित करने, वाहन दुर्घटना, वाहन चोरी एवं अपराध को रोकने के लिए सभी थाना प्रभारी को समय-समय पर स्थान बदल-बदल कर वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया।
थाना स्तर से जितने भी बैंक, एटीएम, ज्वैलरी शॉप्स, अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान हैं, उनकी सुरक्षा की समीक्षा करने का निर्देश दिया। पांच वर्ष से अधिक पुराने काण्डों के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिया गया। सभी थाना के आंकड़ों को सीसीटीएनएस में ससमय प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने सभी थाना प्रभारी को नियमित रूप से गांव में जाकर पुलिस पब्लिक बैठक करने एवं गांव वाले के साथ मित्रवत व्यवहार रखने का निर्देश देते हुए कहा कि सप्ताह में एक दिन थाना दिवस का आयोजन करें। सभी थानों को अधिकाधिक कांड के निष्पादन के लिए लक्ष्य दिया गया। साथ ही लंबित वारण्ट एवं कुर्की का निष्पादन के लिए निर्देश दिया गया। उन्होंने अवैध खनन की रोकथाम के लिए खनन विभाग, अंचल अधिकारी इत्यादि के साथ समन्वय स्थापित कर विधिसम्मत कार्रवाही करने का दिशा-निर्देश दिया। सभी अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक को सभी अनुसंधानकर्ता के साथ निरंतर काण्डों की समीक्षा कर लंबित काण्डों का निष्पादन करने के लिए दिशा-निर्देश दिया गया। लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, पुलिस हेल्प लाईन से प्राप्त आवेदनों की जांच कर ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। सम्पत्ति मूलक अपराधों को रोकने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। अवैध तरीके से पेट्रोल, डीजल एवं एसिड की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही निर्देश दिया कि महिलाओं के प्रति अपराध की सूचना अथवा थाना में आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित रूप से कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/6y7e