हत्यारा नाबालिग प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्याकांड का किया खुलासा
गोड्डा। महागामा की नाबालिग लड़की हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। प्रेम प्रसंग में विवाद के कारण नाबालिग प्रेमी ने होली की संध्या लोहे के पाइप से प्रहार कर प्रेमिका की हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में घटना के 24 घंटे के अंदर महागामा पुलिस ने कांड का उद्भेदन करते हुए हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में दी।
मालूम हो कि 8 मार्च 2023 को रात्रि करीब 11 बजे महागामा की 17 वर्षीया नाबालिग लड़की की गुमशुदगी की सूचना महागामा थाना को प्राप्त हुई थी। रात्रि में तुरंत गुमशुदा लड़की की खोजबीन शुरू की गयी, लेकिन पता नहीं चल सका। 9 मार्च 2023 की सुबह लगभग 6.30 बजे गोबिन्दपुर पहाड़ के पश्चिम करीब आधा किलोमीटर दूर मैदान में एक लड़की का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान उक्त गुमशुदा नाबालिग लडकी के रूप में हुई। शव को देखने से प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हुआ। मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध महागामा थाना में कांड संख्या 47 / 2023 सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत दर्ज कर कांड का अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।
पुलिस अधीक्षक के द्वारा अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, महागामा शिव शंकर तिवारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ संदेही को थाना लाकर पुछताछ किया गया, जिसके क्रम में 17 वर्षीय विधि विवादित बालक द्वारा प्रेम प्रसंग में विवाद के कारण 8 मार्च को करीब 7 बजे शाम में लोहे के पाइप से मृतका के सिर में मारकर हत्या करने की बात स्वीकार किया गया। उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप तथा मृतका का मोबाईल फोन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित पोखर से बरामद किया गया। कांड के विधि विवादित किशोर को निरूद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कौन कौन थे छापामारी दल में शामिल:
महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक कमलेश प्रसाद, महागामा के थाना प्रभारी मकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक पल्लवी कुजूर,
रूपेश कुमार कोठारी, चेतन वैरागी, कश्यप गौतम, पोड़ैयाहाट थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार एवं गोड्डा मुफस्सिल थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर मुकेश उपाध्याय मुख्य रूप से शामिल थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/3655