श्रीनगर के लाल चौक पर राहुल गांधी समेत कांग्रेसियों ने लहराया तिरंगा
गोड्डा जिले की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने भी श्रीनगर के लाल चौक पर लहराया तिरंगा
गोड्डा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा अब समाप्ति पर है। 30 जनवरी को ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा समाप्त हो जाएगी। 29 जनवरी को राहुल गांधी समेत भारत जोड़ो यात्रा के सहयात्रियों ने जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा लहरा कर भारत की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में झारखंड के सात कांग्रेस नेता सहयात्री के रूप में लगातार साथ चल रहे हैं। वहीं भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम चरण में गोड्डा जिला के महागामा विधानसभा क्षेत्र की तेजतर्रार कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह भी लगातार मौजूद रही हैं। भारत जोड़ो यात्रा की समाप्ति से एक दिन पूर्व विधायक श्रीमती पांडेय ने भी श्रीनगर के लाल चौक पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा फहराया। विधायक श्रीमती पांडेय के अनुसार, अद्भुत, अविश्वसनीय अकल्पनीय ये पल रहा मेरे लिए। कितने सौभाग्यशाली हैं हम जो आज श्रीनगर के लाल चौक पर भारत का तिरंगा झंडा फहराया है। भारत माता की जय।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत जोड़ो यात्रा के नेतृत्वकर्ता राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर झंडा फहराने के बाद ट्वीट किया कि लाल चौक पर तिरंगा लहरा कर भारत से किया वादा आज पूरा हुआ। नफरत हारेगी, मोहब्बत हमेशा जीतेगी, भारत में उम्मीदों का नया सवेरा होगा।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/6uvn