मानव दैत्य और पंचनी चुड़ैल शिव बारात का मुख्य आकर्षण
जी-20 सम्मिट के अलावा भारत को विश्व गुरु बनाने की झांकी भी दिखाई जायेगी शिव बारात में
अध्यक्ष अभिषेक झा ने जिला प्रशासन से शिवरात्रि के दिन शहरी क्षेत्र में शराब दुकान बंद रखने की किया मांग
देवघर। पं. बीएन झा पथ स्थित टोयोटा शोरूम के सभागार में शिवरात्रि महोत्सव समिति देवघर के अध्यक्ष अभिषेक झा द्वारा शिव बारात की तैयारी की अद्यतन जानकारी देने हेतु एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। श्री झा ने महाशिवरात्रि के दौरान बाबा नगरी में निकलने वाली शिव बारात को लेकर आवश्यक जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना के कारण गत तीन वर्षों से शिव बारात नहीं निकल रही थी। इसलिए सभी शिव भक्तों का कहना है कि इस वर्ष अभूतपूर्व शिव बारात निकले। श्री झा ने कहा कि जनमानस की भावनाओं को समझते हुए शिव बारात को अभूतपूर्व बनाने के लिए तैयारी जोरशोर से की जा रही है। कि चंदन नगर के लाइट से दुल्हन की तरह देवनगरी को सजाया जा रहा है। पूर्व की तरह केकेएन स्टेडियम से ही शिव बारात निकाली जायेगी। अभिषेक झा ने सभी शिव भक्तों से अपील करते हुए कहा कि सभी आपस में समन्वय बनाकर शिव बारात को सफल बनायें। उन्होंने कहा कि शिव बारात को भव्य रूप देने में पूर्व मेयर राज नारायण खवाड़े का पूरा सहयोग है। 14 फरवरी को सांसद बड़े भाई निशिकांत दुबे देवघर आ रहे हैं। पूरा देवघर एक पैर पर खड़ा होकर शिव बारात की तैयारी में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के लिए समिति का गठन किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा पुराने रूट लाइन पर शिव बारात निकालने की बात कही जा रही है। इस दौरान लोगों की यह इच्छा रहती है कि लाइव शिव बारात का दर्शन करने की ।
अत्यधिक भीड़ को लेकर रूट लाइन को किया गया था लंबा
अभिषेक झा ने नये रूट लाइन के प्रति मंशा को स्पष्ट करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात को लाइव देखने के लिए काफी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ती है। इसलिए रूट लाइन को लंबा किया गया था ताकि भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके। आगे कहा कि मुख्य उद्देश्य यह है कि शिव बारात निकले और सफलतापूर्वक निकले। उन्होंने कहा कि शिव बारात के सफल संचालन के लिए एक समिति के एक हजारकार्यकर्ता और सदस्य हैं। साथ ही पांच सौ पदाधिकारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के तरफ से जो भी गाइडलाइन मिलेगा उसी के अनुसार शिव बारात निकाली जायेगी।
मानव दैत्य और पंचनी चुड़ैल शिव बारात का मुख्य आकर्षण
श्री झा ने जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न देवताओं के अलावे इस वर्ष शिव बारात का मुख्य आकर्षण मानव दैत्य और पंचनी चुड़ैल होगा। इसके साथ ही शिव बारात में सैकड़ों की संख्या में भूत बैताल भी शामिल रहेंगे। शहर के लगभग सभी बैंड बाजा व डीजे वाले रहेंगे। साथ ही विद्युत सज्जा में जी-20 सम्मिट को दर्शाया जायेगा। शिव बारात में भारत को विश्व गुरु बनाने की झांकी भी दिखाई जायेगी। जो पहली बार लोगों को आकर्षक लाइट पर देखने को मिलेगा।
शिवरात्रि के दिन शराब दुकान बंद रखने की मांग
शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष अभिषेक झा ने डीसी देवघर मंजूनाथ भजंत्री से मांग किया है महाशिवरात्रि के दिन 18 फरवरी शहरी क्षेत्र के सभी शराब दुकानों को बंद रखा जाये। ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर शांतिपूर्ण माहौल में शिव बारात को सफलता पूर्वक निकाली जा सके।
इस अवसर पर मुकेश पाठक, अभय आनंद झा, बॉबी जजवाड़े, कुणाल राय, कुंदन झा, अपूर्व आनंद झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
सेवायत सुनील खवाड़े ने विद्युत सजावट का जायजा लिया
देवघर।
महाशिवरात्रि की तैयारी को लेकर बाबा नगरी के सभी मुख्य रास्तों को आकर्षक विद्युत साज सज्जा से दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। इसे लेकर शनिवार को शिवरात्रि महोत्सव समिति देवघर के सेवायत सुनील खवाड़े द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर विद्युत व्यवस्था एवं किये जा रहे सजावट का जायजा लिया गया मौके पर सेवायत श्री खवाड़े ने कहा चंदन नगर के कारीगरों द्वारा शहर के मुख्य पथ सहित शिव बारात रूट लाइन एवं अन्य सभी पथों पर आकर्षक विद्युत साज सज्जा का काम किया जा रहा है। ताकि महाशिवरात्रि के दिन पूरा शहर आकर्षक लाइट से जगमग कर सके। मौके पर शिवरात्रि महोत्सव समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/rfei