बासुकीनाथ। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अवर सचिव राजेश कुमार पांडेय एवं सहायक अनुभाग अधिकारी विशाल अग्रहरि, डीएसओ संजय कुमार दास एवं जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू के द्वारा जरमुंडी प्रखंड के विभिन्न जनवितरण प्रणाली के दुकानों का सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान जन-वितरण प्रणाली दुकानों के गोदाम में रखे अनाज, वितरण करने के तरीके, अनाज वितरण के अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। पॉश मशीन से प्रिंट आउट निकाल अनाज वितरण की जानकारी प्राप्त किया। अवर सचिव राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर यह सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि उचित दर की दुकान को बहुउद्देशीय दुकान बनाने, लाभार्थियों को अधिक से अधिक सुविधा देने, उचित दर की दुकान से उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक सुविधाजनक व सुगमता पूर्वक तरीके से सामग्री प्रदान करने के बारे में ग्राउंड रिपोर्ट प्राप्त किया। विभिन्न स्थानों पर जन वितरण प्रणाली की दुकानों के भौतिक निरीक्षण के उपरांत इसका सर्वेक्षण कर भारत सरकार को रिपोर्ट सौंपा जायेगा। उसी रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार उचित दर के दुकान से लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जायेगा। उपभोक्ता अपने राशन कार्ड बनवाने, उसमें से यूनिट कटवाने या फिर सदस्य संख्या बढ़ाने, आधार कार्ड सीडिग एवं ई-केवाईसी के लिए कस्बा या फिर शहर तक दौड़ लगाते हैं। इससे उन्हें समय खराब करने के साथ ही किराया भी खर्च करना पड़ता है। इस पर अंकुश लगाने के लिए राशन की दुकानों पर जनसेवा केंद्र पर मिलने वाली सुविधाएं शुरू की जायेगी। सीएससी सेवाओं तथा राशनकार्ड सेवाओं के लिए उचित दर दुकानों को जनसेवा केंद्रों के रूप में सक्षम बनाया जायेगा। सीएससी के माध्यम से प्रस्तावित सेवाएं, राशन कार्ड से संबंधित सुविधाएं जो विभागीय बेवसाइट पर प्रचलित हैं वे सीएससी सेंटर के माध्यम से पूर्व से ही आमजन के लिए उपलब्ध हैं। उनको भी उचित दर विक्रेता के स्तर से पंजीकरण कराया जाना उपलब्ध होगा। इस मौके पर केंद्रीय टीम के द्वारा बासुकीनाथ में राजीव झा, अंबा गांव में राजीव मिश्रा, जुगनू मिश्रा, जरमुंडी नीचे बाजार में चंचल मोदी के अलावा सहारा एवं तालझारी के कई जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण कर सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार किया गया। इस मौके पर प्रखंड के कई कर्मी मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/pxrg