दुमका (गोपीकांदर): गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कुसचिरा बाईपास पर स्टेट हाईवे पर बुधवार को गैस सिलेंडर लदा ट्रक और कोयला दुलाई में लगे हाइवा के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सिलेंडरों को ब्लास्ट होने से बचा लिया गया।
घटना के बाद ट्रक और हाइवा दोनों के चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है। गोपीकांदर थाना प्रभारी रंजीत मंडल और अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप भेंगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
कैसे हुई दुर्घटना?
जानकारी के मुताबिक, इडेन गैस सिलेंडर लदा ट्रक साहिबगंज से दुमका की ओर जा रहा था, जबकि हाइवा दुमका रैक पॉइंट से बीजीआर कोल माइंस लौट रहा था। कुसचिरा बाईपास पर दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक का केबिन जलकर खाक हो गया।
आग बुझाने में लगी बीजीआर कंपनी की मदद
बीजीआर कंपनी के पानी टैंकर को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण स्टेट हाईवे पर लगभग चार घंटे तक जाम लगा रहा। रात करीब 10 बजे जेसीबी मशीन की मदद से सिलेंडर लदा ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कर दिया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।