दुमका। झारखंड के गोड्डा जिले में जबरन वसूली के एक मामले में एक आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान कथित तौर पर पुलिस गोलीबारी में एक 34 वर्षीय पहाड़िया की जान चली गयी। एक अधिकारी ने यह बताया।
पहाड़िया पीड़ित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उसकी मौत पुलिस की गोली से हुई है और उन्होंने गोली चलाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीना ने कहा कि घटना की जांच करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया है।
एसपी ने कहा कि मृतक की पहचान झारखंड गोड्डा जिले के बड़ा डांगापाड़ा निवासी हरि नारायण पहाड़िया के रूप में हुई है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, 16 अप्रैल को सुंदर पहाड़ी पुलिस में जबरन वसूली से संबंधित एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम बेनाडिक हेम्ब्रम के घर पर छापेमारी करने के लिए बुधवार शाम को बड़ा डांगापाड़ा गई थी। “छापेमारी के दौरान, पुलिस ने एक व्यक्ति को भागते हुए देखा। घर से दूर, सहायक उप-निरीक्षक राजनाथ यादव ने उसे रुकने का आदेश दिया लेकिन उसने उसे पकड़ने की प्रक्रिया के दौरान भागने की कोशिश की, गोलीबारी की घटना हुई और व्यक्ति (हरि नारायण) के बाएं कंधे में गोली लग गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुंदर पहाड़ी लाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच, हरि नारायण के छोटे भाई कामदेव पहाड़िया (24) ने पुलिस के इस आरोप से इनकार किया कि वह घर से भाग रहा था। कामदेव ने बताया कि यह घटना एक नदी के किनारे हुई यह गांव काफी दुर्गम इलाके में उसका भाई शाम को शौच के लिये नदी में गया था। इसी दौरान पुलिस ने उसपर गोली चला दी। उन्होंने कहा कि वे उन पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे, जिन्होंने उनके भाई पर गोली चलाई थी।
कामदेव ने यह भी कहा कि उसका भाई एक किसान था। उसकी दो बेटियाँ और एक बेटा है। वह परिवार में कमाने वाला एकमात्र व्यक्ति था। अब उसकी पत्नी और बच्चों की देखभाल कौन करेगा?
कामदेव ने टीम में शामिल सभी कर्मियों को तत्काल निलंबित करने और कथित तौर पर उनके भाई की हत्या करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।