झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2024 के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पूर्व कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी को जामा विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। झामुमो के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डॉ. लुईस का स्वागत किया और जामा विधानसभा सीट से उनकी उम्मीदवारी की पुष्टि की।
डॉ. लुईस मरांडी, जो पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं, ने दुमका विधानसभा से टिकट न मिलने के बाद भाजपा से इस्तीफा देकर झामुमो का दामन थाम लिया था। इसके बाद जामा विधानसभा से उनके टिकट की संभावना जताई जा रही थी, हालांकि क्षेत्र में विरोध को देखते हुए झामुमो ने तत्काल निर्णय नहीं लिया था।
कई चर्चाओं के बाद अंततः झामुमो ने शुक्रवार को डॉ. लुईस को जामा से प्रत्याशी घोषित कर दिया। झामुमो के लिए जामा एक परंपरागत सीट रही है और पार्टी यहां पहले भी तीन बार जीत दर्ज कर चुकी है। विश्लेषकों का मानना है कि डॉ. लुईस के उम्मीदवार बनने से झामुमो को इस बार भी जामा में जीत की संभावना बढ़ सकती है।