तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला तीन युवतियों को, दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Road_accdients

दुमका: हँसडीहा-दुमका स्टेट हाईवे पर रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन युवतियों को तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक प्रियंका कुमारी (28) और सोनी देवी (23) की पहचान महेशखंधा गाँव की निवासी के रूप में हुई है। घायल पूजा कुमारी (18) का इलाज दुमका मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना के वक्त तीनों युवतियाँ रोजाना की तरह फिटनेस के लिए मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। बताया गया है कि तीनों झारखंड पुलिस की तैयारी कर रही थीं और दौड़ की प्रैक्टिस के लिए हाईवे पर गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहा था और तीनों युवतियों को कुचलने के बाद सड़क किनारे पेड़ों से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी मृतकों के परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतका सोनी की शादी दो साल पहले हुई थी और वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। प्रियंका अपने पति और बच्चों के साथ दुमका के रसिकपुर में रहती थी। घटना के वक्त वह अपने बच्चों के साथ गाँव आई हुई थी। प्रियंका अपने पीछे एक छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा छोड़ गई है।

विधायक प्रदीप यादव ने घटनास्थल पर पहुँचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और मुख्यमंत्री से मुआवजे की मांग करने का वादा किया।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/v5tl