दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमाहाट गांव में शुक्रवार को पुलिस ने एक आदिवासी महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया। महिला की पहचान सरैयाहाट थाना क्षेत्र के खैरीबनी गांव निवासी धनी हांसदा (22) के रूप में हुई, जो मंत्री सोरेन की पत्नी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
गांव में घटना की जानकारी तब हुई जब एक चरवाहे को इलाके में बदबू का अहसास हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे हंसडीहा थाना के एसआई मनीष कुमार और एएसआई बिनोद सिंह ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मृतका के पति मंत्री सोरेन ने बताया कि उनकी पत्नी छह सितंबर से लापता थी। उस दिन वह अपनी पत्नी के साथ दुमका कोर्ट गए थे, लेकिन पत्नी को जल्दी घर भेज दिया था। जब वह देर शाम घर लौटे, तो उनकी पत्नी वहां नहीं पहुंची थी। सोरेन ने गांव के साहेब सोरेन पर हत्या का आरोप लगाया, यह दावा करते हुए कि उसकी पत्नी का साहेब से प्रेम संबंध था और उसी ने उसकी हत्या की।
आरोपित युवक ने दस सितंबर को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उसे बचा लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, हत्या के बाद युवक ने डर से जान देने की कोशिश की होगी।
गौरतलब है कि मृतका का पति और आरोपित दोनों एक अन्य हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं और छह माह पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।
प्रकाश सिंह, थाना प्रभारी, हंसडीहा, ने कहा, “प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”