दुमका। नारायणा हेल्थ सिटी, बेंगलुरु, माँ सेवा समिति ट्रस्ट और भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दुमका के इंडोर स्टेडियम में 20 दिसंबर 2024, शुक्रवार को बोन मैरो प्रत्यारोपण परीक्षण और पंजीकरण के लिए मेगा शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का निःशुल्क बोन मैरो मैचिंग और पंजीकरण किया गया। जिन अभ्यर्थियों के भाई-बहन उपलब्ध नहीं थे, उनके माता-पिता का परीक्षण किया गया। इस शिविर का उद्देश्य जटिल बोन मैरो प्रत्यारोपण प्रक्रिया के लिए उपयुक्त अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें सहायता प्रदान करना था।
2300 सफल ट्रांसप्लांट कर चुके विशेषज्ञ की टीम मौजूद
बोन मैरो ट्रांसप्लांट के विशेषज्ञ डॉ. सुनील भट्ट और उनकी टीम मरीजों और उनके परिजनों की जांच के लिए शिविर में उपस्थित थे। डॉ. भट्ट ने बताया कि परीक्षण की रिपोर्ट जर्मनी से तीन महीने में आएगी। जिन मरीजों का मैच सफल होगा, उनका ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। ऑपरेशन का पूरा खर्च सरकार और अन्य संस्थाओं द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सफल प्रत्यारोपण के बाद मरीजों को बार-बार रक्त चढ़ाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार होगा।
समर्पित प्रयासों से कार्यक्रम सफल
इस शिविर को सफल बनाने में माँ सेवा समिति ट्रस्ट की भूमिका अहम रही। ट्रस्ट की अध्यक्ष रेखा देवी, सचिव भागवत भवेश, कोषाध्यक्ष अन्नु कुमारी, दुमका जिलाध्यक्ष राजेश कुमार चौरसिया और अन्य पदाधिकारियों ने अपने संगठित प्रयासों से इस शिविर को उत्कृष्ट बनाया।
कार्यक्रम में ब्लड बैंक दुमका के प्रभारी डॉ. अमित रंजन, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. राजकुमार उपाध्याय और सचिव डॉ. अमरेंद्र यादव भी मौजूद थे।
इस शिविर ने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को नई उम्मीद दी है और समाज में सेवा और सहायता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।