दुमका रेलवे स्टेशन: कोयला यार्ड वाले ट्रैक में लगी आग

दशरथ महतो/दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका के दुमका रेलवे स्टेशन के कोयला यार्ड वाले ट्रैक में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना ट्रेन के चक्कों के घर्षण के कारण हुई। प्लेटफार्म नंबर 06 के पास आग की लपटें उठती देख सुरक्षा गार्ड और कोयला यार्ड में काम कर रहे कर्मचारियों के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई।

फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और रेलवे ट्रैक और ट्रेन की मरम्मत भी कर दी गई। इस घटना के बाद कोल डंपिंग कंपनी बीजीआर और कोयला यार्ड के संवेदकों द्वारा ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।

इस मामले में दुमका रेलवे स्टेशन के प्रबंधक टीपी यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि यह एक मामूली घटना थी। ट्रेन परिचालन सुचारू रूप से चल रहा है और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई है।

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निरीक्षण में और भी सतर्कता बरतने की संभावना जताई जा रही है।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/u2om