नहाने के दौरान डूबकर दो मौसेरी बहनों की मौत, एक बाल-बाल बची

1200-675-24277891-thumbnail-16x9-dum-aspera

दुमका, 30 मई 2025 — दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मयूराक्षी नदी में नहाने के दौरान दो मौसेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पूजा कुमारी (16) और उमा कुमारी (20) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मौसेरी बहन थीं। इस घटना में तीसरी लड़की अस्ता कुमारी, जो ममेरी बहन है, बाल-बाल बच गई।

परिजनों ने बताया कि पूजा, जो रामगढ़ की रहनेवाली थी, अपने रिश्तेदारों के साथ गर्मी की छुट्टियों में दुमका आई थी। गुरुवार को वह अपनी मौसेरी बहन उमा और ममेरी बहन अस्ता के साथ गंधरकपुर स्थित बेहराकुड़ी घाट नहाने गई थी। घाट पर पानी गहरा होने का उन्हें अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान पूजा और उमा अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। अस्ता ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।

ग्रामीणों की मदद से दोनों बहनों को तत्काल फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना नगर थाना को दी गई है।

परिजनों ने बताया कि उमा कुमारी के माता-पिता शिक्षक हैं और छुट्टियों में दार्जिलिंग गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/f03p

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *