लातेहार। लातेहार जिला अंतर्गत गारू थाना क्षेत्र के कोरवा टोली गांव में डायनामाइट के विस्फोट से एक युवक की मौत हो गई। कुछ लोगों का कहना है कि उसने मुंह में डायनामाइट रखकर खुद को जानबूझकर उड़ा लिया, जबकि युवक के घर के लोग इसे हादसा बता रहे हैं। मृतक का नाम चलित्तर सिंह है।वह मनिका थाना क्षेत्र के दुंदु गांव का रहने वाला था।वह पिछले दो-तीन हफ्तों से कोरवा टोली में अपनी ससुराल में रह रहा था। मृतक चलित्तर सिंह पत्थर खदान में मजदूरी करता था और वह संभवत: वहीं से डायनामाइट लेकर आया था। बताया जा रहा है कि पत्नी और ससुराल के लोगों से विवाद के बाद उसने मुंह में डायनामाइट रखा और मोबाइल की बैटरी के जरिए विस्फोट कर लिया।मृतक की सास रामकली देवी का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से अजीबोगरीब हरकत कर रहा था. उन्होंने कहा कि उसने सोमवार को अपने बैग से कुछ निकालकर मुंह में रखा। मृतक की सास के अनुसार वो लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले जोरदार धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की लाश बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/5wgo