पोड़ैयाहाट। प्रखंड अंतर्गत परासी गांव के मैदान पर सोमवार शाम ‘श्री श्री 108 श्री मद भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ प्रारम्भ हुआ। कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि रेडक्रॉस गोड्डा एवं विभिन्न खेल संघ सचिव सुरजीत झा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रेडक्रॉस सदस्य अखिल कुमार झा ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि श्री झा ने अपने संबोधन में स्थानीय जनता शक्ति संघ के लगातार सामाजिक कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए संघ के संस्थापक शशि कुमार माँझी की पीठ थपथपाई। उन्होंने कथावाचक चन्दन जी महाराज का स्वागत-अभिनंदन माला पहनाकर किया और उपस्थित ग्रामवासियों से कथामृत का पान करते हुए कथा से प्राप्त शिक्षा एवं संदेशों को आचरण में उतारने की अपील की। इसके पूर्व ग्रामीण महिलाओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा डुमरिया तालाब से कथा स्थल तक निकली गयी थी। शशि कुमार माँझी ने बताया कि सप्ताहव्यापी कथा ज्ञान यज्ञ का समापन 2 दिसम्बर को हवन के पश्चात श्री श्री 108 जगदानी नाथ महादेव मंदिर निर्माण के निमित्त भूमि पूजन के साथ होगा। बताया कि कथा यज्ञ में मोहन माँझी एवं उनकी धर्मपत्नी सुसो देवी आचार्य बने हैं जबकि सफल आयोजन में मणिलाल माँझी, बलबीर माँझी, बिनोद माँझी, गुरुजी माँझी, निर्मल परैया, नंदन माँझी, उदय माँझी एवं गुंजेश माँझी का योगदान सराहनीय है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/08qk