डीसी एवं एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
गोड्डा। लाइफ लाइन एक्सप्रेस प्रोजेक्ट के तहत पोड़ैयाहाट में निशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ मंगलवार से होगा। 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिविर में विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच एवं सर्जरी की जाएगी। चिकित्सा शिविर की शुरुआत के एक दिन पूर्व उपायुक्त जिशान कमर एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मूलभूत सुविधाएं, यथा पेयजल, बिजली, शौचालय, रोगियों के लिए बेड सहित डॉक्टर एवं दवा की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि रोगियों को किसी भी परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
ज्ञात हो कि यह कार्यक्रम पूर्व रेलवे और जिला प्रशासन के सहयोग से इम्पैक्ट इंडिया फाउण्डेशन के द्वारा “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” की तर्ज पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त रेलगाड़ी ‘लाइफलाइन एक्सप्रेस’ के माध्यम से जिले के पोड़ैयाहाट रेलवे स्टेशन पर 15 नवंबर से 5 दिसंबर 2022 तक जिलेवासियों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएगी। लाइफलाइन एक्सप्रेस 7 वातानुकूलित कोचों से युक्त रेलगाड़ी है, जिसमें दो ऑपरेशन थिएटर, डाक्टर्स, पारामेडिकल स्टाफ के बैठने की व्यवस्था, स्त्री रोगों की जांच से संबंधित विशेष व्यवस्था है। लाइफलाइन एक्सप्रेस के माध्यम से नाक, कान, गला संबंधी रोगों की ओपीडी जांच एवं सर्जरी, बहरेपन की जांच, निःशुल्क श्रवण यंत्र का वितरण, आंखों के रोगों की ओपीडी जांच, अंधेपन की जांच, कैटारेक्ट सर्जरी, दृष्टि दोष की जांच , निःशुल्क चश्मे का वितरण, प्लास्टिक सर्जरी ओपीडी, जले के निशान और कटे होठ की सर्जरी, शिशु के हड्डी रोगों की जांच एवं हड्डियों में जन्मजात विसंगतियों की जांच, दांत रोगों की ओपीडी जांच, मुंह के कैंसर, स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच, इलाज एवं जागरूकता संबंधी सुविधाओं के अतिरिक्त अन्य बीमारियों का इलाज एवं इलाज के लिए सामान्य ओपीडी सुविधाएं प्रदान की जाएगी।
ओपीडी सुविधाएं पूरे कार्यक्रम अवधि में सुबह 9 बजे से शाम के 4 बजे तक प्रदान की जायेगी। सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए मरीज को अपना आधार कार्ड या कोई अन्य पहचान पत्र देख कर जाना आवश्यक है। इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9820303074 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि लाइफलाइन एक्सप्रेस के माध्यम से विभिन्न प्रकार के रोगों के संबंध में दिए जाने वाले निःशुल्क चिकित्सकीय जांच एवं सर्जरी सुविधाओं का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाएं ।
ओपीडी का संचालन पोड़ैयाहाट रेलवे स्टेशन के बाहर सभी तैयारियों से युक्त परिसर में किया जायेगा। ऑपरेशन का कार्य ट्रेन में विशेष रूप से बने ऑपरेशन थिएटर में किया जायेगा। जबकि ऑपरेशन के बाद मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पोडेयाहाट में शिफ्ट किया जायेगा, जहां इसके लिए 75 बेड उपलब्ध कराई गई है। दूर दराज के प्रखंडों एवं गांवों से मरीजों को लाने एवं वापस ले जाने के लिए इंपैक्ट इंडिया फाउण्डेशन द्वारा वाहन की भी व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता नागेश्वर साव, प्रखंड विकास पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव, एमओआईसी पोड़ैयाहाट पूनम रानी, लाइफलाइन एक्सप्रेस के अधिकारीगण एवं स्वास्थ विभाग के कर्मीगण मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/pwdb