देवघर। आज गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसके मुख्य अतिथि जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री थे।इनके साथ प्रशिक्षु आईएएस अनिमेष रंजन एवं यातायात उपाधीक्षक आलोक रंजन भी उपस्थित थे ।यह कार्यक्रम दैनिक जागरण समाचार पत्र के द्वारा आयोजित हुआ। उपायुक्त ने प्रातः कालीन सभा में मंच से डीएवी के करीब 5000 बच्चों को सड़क सुरक्षा नियम के अनुपालन का शपथ दिलाया। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत गायन एवं नृत्य का आयोजन किया गया|कार्यक्रम में उपायुक्त ने डीएवी के राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया
विद्यालय के बच्चों के द्वारा उपायुक्त को विद्यालय के सामने सड़क का चौड़ीकरण व मरम्मत संबंधी ज्ञापन भी सौंपा गया ताकि सड़क दुर्घटना से बचाव हो सके|यातायात उपाधीक्षक आलोक रंजन ने सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों को बच्चों के बीच साझा किया| उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल के भविष्य हैं और सड़क दुर्घटना से बचने के लिए हमें हेलमेट तथा सीट बेल्ट का प्रयोग एवं सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रशिक्षु आईएएस अनिमेष रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटना में रोजाना कई लोगों की जाने जाती है जिससे हमारा भविष्य नष्ट हो जाता है । ऐसी परिस्थिति में हमें सड़क यातायात के दौरान सुरक्षा यातायात नियमों का पालन करना चाहिए |
डीएवी के सभागार में बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री भजंत्री ने कहा कि सनातन धर्म पर आधारित महर्षि दयानंद के द्वारा संचालित डीएवी जैसी संस्था लोगों को शिक्षा और संस्कार दोनों प्रदान करती है ।इस संस्था ने महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव जैसे कई खिलाड़ियों को भी देश को सौंपा। उन्होंने बच्चों से अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि परिश्रम से ही पराकाष्ठा प्राप्त होती है इसलिए बच्चे अपनी पढ़ाई में पूरी ईमानदारी बरतें|उन्होंने कहा कि शॉर्टकट से केवल क्षणिक समय के लिए सफलता मिलती है।उन्होंने कहा कि हमारा देश आध्यात्मिकता में तो आगे है लेकिन विज्ञान में भी आगे होना है और इसके लिए हमें हरेक क्षेत्र में अनुशासन का पालन करना पड़ेगा। उन्होंने भी सड़क सुरक्षा के बचाव के कई उपाय बताए।
इस संबंध मे दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ आर सी सिन्हा ने भी यातायात के नियमों के अनुपालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए सड़क सुरक्षा शपथ समारोह कार्यक्रम चलाया जा रहा है|
कार्यक्रम में बच्चों ने मोहक नृत्य का भी प्रस्तुतीकरण किया|डीएवी के बच्चों ने वंदे मातरम की प्रस्तुति बड़े ही आकर्षक तरीके से प्रस्तुत कर सभा को मुग्ध कर दिया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने उपायुक्त ,प्रशिक्षु आईएएस व यातायात उपाधीक्षक तथा ब्यूरो चीफ आरसी सिन्हा को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।उपायुक्त महोदय एवं अन्य सम्मानीय अतिथि गण को एनसीसी कैडेट कोर के द्वारा श्री परेश ब्रह्मा के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया|
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन जूनियर डीएवी के प्राचार्य के के सिंह ने दिया|कार्यक्रम की समाप्ति पर शांति पाठ का आयोजन संगीत शिक्षक अभिषेक सूर्य के नेतृत्व में बच्चों ने प्रस्तुत किया |इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिषेक सूर्य, सुचित कुमार घोष, संजय पांडे ,राजू मिश्रा, बी के राणा राजरानी ,दीपिका सिन्हा,सोनी सिंह, सीके पंडित ,सन्निवा पटंडी ,आशुतोष कुमार ,सत्यवीर यादव, रश्मि भारद्वाज, खुशबू कुमारी , सुजीत कुमार, प्रमोद कुमार एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में मंच संचालन अभिषेक सूर्य, सोनी सिंह और सन्नीवा पाटंडी ने किया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/9a4n