दुमका। सांसद सुनील सोरेन के प्रयास से दुमका लोकसभा क्षेत्र में नई 165 किलोमीटर सङक निर्माण की स्वीकृति प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मिली है। इसके साथ ही तीन नये पुलों के निर्माण की भी स्वीकृति मिली है। यह सभी सड़क और पुल जामा, रानीश्वर, रामगढ़, दुमका, काठीकुंड , मसलिया, सारठ, पालोजोरी, नारायणपुर, जामताड़ा, कुंडहित और नाला में निर्माण होनी है। सासंद सुनील ने इन सड़कों के निर्माण को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान लोगों द्वारा बताया गया था कि इन सड़कों के नहीं रहने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। नई सड़कों और पुलों के बनने से जनता को काफी सुविधा होगी। सांसद ने दावा किया है कि उनके चार साल के संसदीय कार्यकाल में सैकड़ों किलोमीटर लंबी सड़कों और कई पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है या फिर बनने की प्रोसेस में है । उन्होंने इस वर्ष के अंत तक कुछ और नये सङको के निर्माण की स्वीकृति मिलने की आशा जताई है।