अंडर-14 : गिरिडीह ने साहिबगंज को 5 रनों से हराया

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रहे अंडर-14 अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में गिरिडीह ने साहिबगंज को 5 रनों से हराकर जीत दर्ज की। यह मैच स्थानीय एटीएम क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।

साहिबगंज की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गिरिडीह की पूरी टीम 33 ओवर में 155 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गिरिडीह की ओर से सुजल ठाकुर ने शानदार 67 रनों की पारी खेली। साहिबगंज के गेंदबाजों में ऋषभ, रौनक, मनीष और सोनू ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में साहिबगंज की टीम 34.3 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। साहिबगंज की ओर से रौनक ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। गिरिडीह की ओर से उत्कर्ष ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि सौरभ ने दो विकेट लिए। उत्कर्ष को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मैच के ऑब्जर्वर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा नियुक्त पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी आमिर हाशमी थे। अंपायर की भूमिका में मोहम्मद अजमल हुसैन और ओमप्रकाश राय, जबकि स्कोरर मोहम्मद जूलकर नैन अहमद थे।

मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ के सचिव भास्कर अजीत सिंह, संयुक्त सचिव अमित रंगराजन, उपाध्यक्ष उमेश रावत, कोषाध्यक्ष सुरेश मोदी, कुमार पाल, और संघ के कई अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक भी मैच का आनंद लेने पहुंचे।

इसकी जानकारी संघ के संयुक्त सचिव अमित रंगराजन ने दी।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/4ran