दुमका: ए.एन. कॉलेज, दुमका में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के द्वितीय चक्र की ग्रेडिंग के मद्देनजर मानविकी संकाय और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में आधुनिक भारतीय भाषाओं का महत्त्व” विषय पर अंतर-विभागीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय भाषाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण है।
सेमिनार में वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष और IQAC समन्वयक डॉ. अमर नाथ सिंह ने कहा कि बिना अपनी मूल भाषा को आत्मसात किए विश्व में सर्वोच्च स्थान पाना मुश्किल है। सेमिनार में संस्कृत, अंग्रेजी, पर्सियन, संथाली, और हिंदी भाषाओं के महत्व पर प्रोफेसरों ने अपने विचार रखे।
सेमिनार का संचालन बांग्ला विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गोराई ने किया और धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अन्हद लाल ने दिया। इस अवसर पर कई शिक्षकों और छात्रों ने भी अपने विचार साझा किए।
प्राचार्य ने यह भी बताया कि आगामी 25 और 26 अक्टूबर को क्रमशः समाज विज्ञान और वाणिज्य संकाय द्वारा सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।