दुमका: विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में बैंक, उत्पाद और आयकर विभाग के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और वित्तीय गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त ने बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे चुनाव के दौरान सभी वित्तीय लेन-देन पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना व्यय कोषांग को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी विधानसभा चुनाव के दौरान अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं और बैंक प्रतिनिधियों को इन खर्चों की निगरानी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही, उपायुक्त ने कहा कि यदि 10 लाख रुपये से अधिक की नकद राशि पकड़ी जाती है, तो आयकर विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा। बैठक के दौरान उत्पाद विभाग ने जानकारी दी कि अब तक 76.400 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 21,354 रुपये है।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और अवैध धनराशि व शराब की रोकथाम सुनिश्चित करना था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हो सके।