दुमका। मॉडल कॉलेज, दुमका की शुरुआत 2022 में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय अंतर्गत एक अंगीभूत इकाई के रूप में की गई। भारत सरकार के द्वारा उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में सकल नामांकन अनुपात के राष्ट्रीय औसत को बनाए रखने के उद्देश्य से देश भर मे मॉडल कॉलेज की स्थापना की गई है । देश के विभिन्न राज्यों में शैक्षणिक रूप से पिछड़े 374 जिलों में मॉडल कॉलेज की स्थापना का निर्णय लिया गया है जिससे कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में एकरूप, समावेशी एवं समान गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। इन्ही उद्देश्यों को ध्यान मे रखकर दुमका जिला के विजयपुर क्षेत्र में एक भव्य कॉलेज की स्थापना की गई है जो आधुनिक शिक्षा के सभी उपकरण जैसे स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, सुव्यस्थित पुस्तकालय, दिव्यांग छात्रों के लिए रैम्प आदि की सुविधाएँ उपलब्ध कराता है । प्रारम्भिक सत्र 2022-26 में नामांकित छात्र 15 जुलाई से पहले सेमेस्टर की परीक्षा देने वाले हैं । नए सत्र 2023-27 में नामांकन की प्रक्रिया 7 जुलाई से चांसलर पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गई है । छात्र हिंदी, अंग्रेजी , भौतिकी , रसायन , कामर्स आदि विषयों में नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं । इस महाविद्यालय में नामांकन कराकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। प्रभारी प्राचार्या डॉ मेरी मारग्रेट टुडू ने बताया कि अंग्रेजी विभाग में सहायक प्राध्यापक वर्षा कुमारी, भौतिकी में सहायक प्राध्यापक राजेश कुमार सहित अन्य शिक्षक कार्यरत है उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से माँडल काँलेज के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में बेहतरीन शिक्षा देना है।