सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के 8वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने दी उपाधियाँ,

सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के 8वें दीक्षांत समारोह का आयोजन कन्वेंशन सेंटर, एग्रो पार्क, एस.पी. कॉलेज रोड, दुमका में किया गया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उपाधियाँ प्रदान कीं। राज्यपाल ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों के कठिन परिश्रम और उनके परिवार व शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी सिदो-कान्हु के संघर्ष और योगदान का उल्लेख करते हुए छात्रों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए इसे समाज और राष्ट्र की उन्नति का माध्यम बताया।

राज्यपाल ने कहा कि सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय जनजातीय समाज की संस्कृति और इतिहास का प्रतीक है, और छात्रों से अपेक्षा की कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के विकास में करें। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत@2047’ के दृष्टिकोण को साकार करने में युवाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान करने का आग्रह किया और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/4asr