डॉ विनोद कुमार शर्मा को मिला इंटरमीडिएट प्रभारी प्राचार्य का दायित्व

संताल परगना कॉलेज के प्राचार्य डॉ खिरोधर प्रसाद यादव ने मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष सह मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र के निदेशक डॉ विनोद कुमार शर्मा को नए दायित्वों के साथ कॉलेज के इंटरमीडिएट प्रभारी प्राचार्य का पद सौंपा। इसके साथ ही, उन्हें नैक कोऑर्डिनेटर और असिस्टेंट एकेडमिक डीन के रूप में भी नियुक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ विनोद कुमार शर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें प्राचार्य की कुर्सी पर बैठाया गया।

प्राचार्य डॉ खिरोधर प्रसाद यादव ने विश्वास जताया कि डॉ विनोद कुमार शर्मा अपने नए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट की कक्षाएं नियमित और अनुशासन के साथ चलेंगी। प्रभार ग्रहण करने के बाद डॉ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि उन्होंने पहले भी कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर मिले सभी दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाया है, और इस नई जिम्मेदारी को भी पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे। साथ ही, कॉलेज में एक सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाने में भी अपना योगदान देंगे।

इस मौके पर पूर्व इंटरमीडिएट प्रभारी प्राचार्य डॉ शंभु कुमार सिंह ने भी बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ पूनम बिंझा, डॉ सुमित्रा हेंब्रम, डॉ कुमार पियूष, डॉ रूपम कुमारी, डॉ अनिता चक्रवर्ती, डॉ कुमार सौरभ, डॉ चंद्रशेखर रजक और अन्य शिक्षकों ने भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/rw5u