हजारीबाग I वर्षों की इंतजार के बाद अंततः हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन से होकर सोमवार को निर्धारित समय पर पटना- हजारीबाग- रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल परिचालन सफल हुआ। हजारीबाग से लंबी दूरी की ट्रेन की मांग को लेकर लगातार संघर्षरत रहे हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल वंदे भारत एक्सप्रेस के ट्रायल होने पर हर्ष जताया और हजारीबाग वासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इंतजार लम्बा जरूर रहा लेकिन इसकी शुरुआत एक अच्छे सफर से होने जा रही है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस हिंदुस्तान में अपने कई विशेषताओं के कारण जानी जाती है और हजारीबाग से एक बड़ा तबका पटना के लिए सफ़र करता है। ऐसे में स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत भारतीय रेलवे के लिए यात्रा तकनीक में एक नए युग को चिन्हित कराने के साथ एक अति महत्वपूर्ण रूट को कवर्ड करेगी। विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल तो बस एक शुरुआत है, यह शुरूआत जल्द ही बहुत सारे ट्रेनों के परिचालन का राह प्रशस्त कर नई ट्रेन खुलने का द्वार खोलेगी। इस ट्रैक पर वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल के बाद भारतीय रेलवे के पास कोई बहानाबाजी नहीं रहेगी कि हजारीबाग का रेलवे ट्रैक सूटेबल नहीं है। रांची- बरकाकाना से गुजरने वाली ट्रेनों पर हमलोग फोकस करेंगे, लेकिन हजारीबाग रेलवे स्टेशन में जैसे ही रख- रखाव और साफ- सफाई सिस्टम चालू हो जाएगा उसके बाद हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन से भी ट्रेन ओरिजिनेट और टर्मिनेट हो सकेंगी ।
विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन का सफल ट्रायल हो गया अब जल्द ही इसका कमर्शियल ऑपरेशन भी होगा। उन्होंने कहा कि आगे हमारा लक्ष होगा कि हजारीबाग से विभिन्न महानगर यथा कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई के लिए रेल परिचालन सेवा शुरू हो और झारखंड के प्रमुख शहर धनबाद, देवघर, दुमका और जमशेदपुर की ट्रेन सेवा हजारीबाग वासियों को मिल सके। विधायक मनीष जायसवाल ने पटना- हजारीबाग- रांची वंदे भारत एक्सप्रेस के सफल ट्रायल के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और स्थानीय सांसद जयंत सिन्हा के प्रति आभार जताया और उन्हें धन्यवाद दिया ।
उल्लेखनीय है कि हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल हजारीबाग से लंबी दूरी की ट्रेन परिचालन को लेकर लगातार संघर्षरत रहे हैं। विधायक मनीष जायसवाल ने 5 अगस्त 2022 को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गैर सरकारी संकल्प की सूचना के माध्यम से पुरजोर तरीके से आवाज उठाते हुए हजारीबाग की जन्म भावना को देखते हुए हजारीबाग रेलवे स्टेशन को देश के अन्य राज्यों के रेलवे स्टेशन से जोड़ने का प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराने हेतु मामला उठाया था। जिसका असर झारखंड सरकार पर हुआ और झारखंड सरकार ने सकारात्मक फल करते हुए विधायक मनीष जायसवाल के द्वारा उठाए गए मामले को गंभीरता से लेकर राज्य के परिवहन विभाग के सचिव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर हजारीबाग शहर रेलवे स्टेशन को देश के अन्य राज्यों के रेलवे स्टेशन से जोड़ने की मांग की थी। विधायक मनीष जायसवाल 27 सितंबर 2022 को दिल्ली पहुंचकर देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले थे और उन्हें छह सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए हजारीबाग की जनभावना से अवगत कराया था। विधायक मनीष जायसवाल को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आश्वासन दिया था कि बरकाकाना- रांची रेल लाइन का कार्य पूर्ण होने के कुछ महीने बाद ही हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन से किसी प्रमुख महानगर के लिए रेल सेवा शुरू होगी। रेल मंत्री ने विधायक मनीष जायसवाल को यह भी बताया था कि हजारीबाग में ट्रेन के रख- रखाव व साफ-सफाई की सुविध तेजी से विकसित की जा रही है ताकि यहां से भी ट्रेन ओरिजिनेट और टर्मिनेट हो सके।ज्ञात हो कि हजारीबाग के लोगों की बरसों पुरानी सपना रही है कि हजारीबाग शहर रेलवे स्टेशन महानगरों के लिए रेल सुविधा मिले। हजारीबाग में रेलवे का सपना साकार करने की शुरूआत हिंदुस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेई द्वारा दिनांक 3 मार्च 1999 को हजारीबाग- कोडरमा रेल लाइन का शिलान्यास कार्य कर किया गया था। फिर 20 फरवरी 2015 को देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारीबाग रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पिछले करीब 8 साल से इस पल का हजारीबाग वासियों को बेसब्री से इंतजार है कि यहां से महानगरों का सफर कर सके। वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल के बाद हजारीबाग वासियों को एक आशा की किरण दिखाई दे रही है की अब जल्द उनका यह सपना साकार होगा और हजारीबाग से पटना का सफर कर सकेंगे ।