दुमका। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा आयोजित अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत दुमका के स्थानीय ए-टीम क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में चतरा ने गिरिडीह को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
गिरिडीह की बल्लेबाजी रही संघर्षपूर्ण
सुबह गिरिडीह के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम 32.5 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गिरिडीह की ओर से दिव्यांशु ने सर्वाधिक 35 रन और सुजल ने 20 रन बनाए।
चतरा के गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। विक्रम ने 24 रन देकर 4 विकेट झटके, हर्ष ने 18 रन देकर 3 विकेट लिए और मोहम्मद शादाब ने मात्र 5 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
आर्यन की शानदार पारी, चतरा की आसान जीत
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चतरा की टीम ने 32.2 ओवर में 137 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया। चतरा के आर्यन ने नाबाद 64 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अर्णव ने 25 रनों का योगदान दिया।
आर्यन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव पी.एन. सिंह द्वारा प्रदान किया गया। देवघर जिला क्रिकेट संघ के सचिव एवं टूर्नामेंट के लाइजनिंग ऑफिसर विजय झा ने भी आर्यन को सम्मानित किया।
मैच के मुख्य अधिकारी और अन्य उपस्थित लोग
इस मैच में दुमका वेन्यू के ऑब्जर्वर पूर्व रणजी खिलाड़ी आमिर हाशमी मौजूद थे। मैच में अंपायर की भूमिका ओमप्रकाश राय (धनबाद) और मोहम्मद अजमल हुसैन (रांची) ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी रांची के मोहम्मद जुलकर नैन अहमद ने संभाली।
पुरस्कार वितरण समारोह में दुमका जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष संजय तिवारी, सचिन भास्कर, अजीत सिंह, संयुक्त सचिव अमित रंगराजन और कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार मोदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। यह जानकारी जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव अमित रंगराजन ने दी।