गोपीकांदर। बुधवार को प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मर्सीलता मरांडी ने की, जबकि बीडीओ विजय प्रकाश मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मनरेगा, 15वीं वित्त आयोग, आवास योजना, स्वास्थ्य, पेयजल, और शिक्षा से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बीडीओ ने अधूरे आवास योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के बगैर रिपोर्ट के बैठक में शामिल होने पर बीडीओ ने नाराजगी जताई और अगली बैठक में सभी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, पेयजल और बिजली विभाग के कनीय अभियंताओं की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने का आदेश दिया गया। बीडीओ ने पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और अन्य पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की हिदायत दी।
बैठक में बीपीआरओ विशाल कुमार, सभी पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक का उद्देश्य सभी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना और विकास कार्यों को सुदृढ़ करना था।