दुमका: छठ पूजा के महापर्व को ध्यान में रखते हुए, इस वर्ष भी दुमका नगर परिषद के प्रशासक शीतांशु खलखो ने नगर के विभिन्न छठ घाटों और तालाबों का निरीक्षण किया। नगर परिषद के सफाईमित्रों को सख्त निर्देश दिए गए कि जल्द से जल्द घाटों की साफ-सफाई पूरी की जाए, साथ ही सभी लाइटों की मरम्मत का काम भी समय पर पूरा हो।
प्रशासक ने घाटों की सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की है और आवश्यकता पड़ने पर और भी सफाईकर्मी लगाए जाएंगे। दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर नगरवासियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट या पानी से संबंधित समस्या के लिए नगर परिषद कार्यालय से संपर्क करें, जहां उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
शीतांशु खलखो ने कहा कि इस वर्ष दिवाली और छठ पूजा के दौरान पार्किंग, चेंजिंग रूम, शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। रात्रि में भी सफाई का कार्य जारी रहेगा, और पानी की आपूर्ति के लिए नगर परिषद की ओर से पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के लेखा पदाधिकारी राजेंद्र रविदास, सिटी मैनेजर प्रशांत भारती, ब्रांड एंबेसडर जतिन कुमार और सफाई मित्र भी उपस्थित रहे।
