गिरिडीह। गिरिडीह जिला अन्तर्गत बेंगाबाद प्रखंड स्थित बंदगारी (बेंगाबाद) निवासी मजदूर भेखलाल राय उर्फ मेघन राय की काम करने के दौरान अतिवीर स्टील फैक्ट्री में हुई मौत के मामले में भाकपा माले ने उच्च स्तरीय जांच कर घटना की जिम्मेवारी तय कर एफ आई आर दर्ज करने तथा मृतक के परिजनों को 25 लाख मुआवजा और पेंशन देने की मांग की है।
इस बाबत माले नेता राजेश यादव तथा राजेश सिन्हा ने कहा कि एक बार फिर फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की लापरवाही के कारण एक गरीब मजदूर की मौत हुई है। हम पहले से भी मांग करते आए हैं कि, फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की जिम्मेदारी को कड़ाई के साथ पालन करना चाहिए, जिसकी अवहेलना से लगातार मजदूरों की मौत हो रही है। लेकिन ऐसा नहीं करने से इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।
नेताद्वय कहा कि, इस तरह की घटनाओं के बाद केवल मुआवजा भर देकर मामले को शांत करा दिया जाता है। यह मजदूरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। आज की घटना की जांच कर सबसे पहले इस मौत की जिम्मेवारी तय कर एफ आई आर दर्ज होनी चाहिए।