दुमका। लोकसभा निर्वाचन-2024 को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे ने शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शिकारीपाड़ा,काठीकुंड और रानेश्वर प्रखंड के सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के साथ दुमका में 01 जून 2024 को होने वाले चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर लें। किसी प्रकार की कोई कमी दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना दें ताकि उक्त कमियों को ससमय दूर कर लिया जाय।
अपने सेक्टर से मतदान केंद्रों की दूरी की भी मैपिंग कर लें ताकि मतदान दिवस के दिन किसी प्रकार के संशय की स्थिति की उत्पन्न न हो।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों तक जाने के लिए रूट चार्ट बनाए गए हैं। निर्धारित रूट चार्ट का सत्यापन सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी अपने स्तर से कर लें।