बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित हुई। यह बैठक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड रांची के निर्देशानुसार आयोजित की गई। इस बैठक में विशेष मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य जो पिछले नौ नवंबर से लेकर आगामी आठ दिसंबर तक चलेगा, इसको लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से रायशुमारी की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रखंड क्षेत्र में चल रहे वोटर कार्ड को आधार कार्ड से जोड़े जाने, आधार सीडिंग के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया। निर्वाचन से जुड़े कर्मी व पर्यवेक्षक को अपेक्षित सहयोग करने की बात कही। आगामी तीन दिसंबर दिन शनिवार को राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रत्येक बीएलओ को दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने एवं छूटे हुए दिव्यांग लोगों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की बात कही। इस मौके पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 को लेकर दावा आपत्ति प्रपत्र – छह, सात व आठ, आधार सत्यापन, पुअर इमेज एवं इएलसी के गठन के बारे में अवगत कराते हुए बीएलओ एवं पर्यवेक्षक को सहयोग करने की बात कही। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नगर अध्यक्ष स्वरूप सिन्हा, महामंत्री कार्तिक कुमार राव, पप्पू कुमार सिंह, नरेश यादव, राजेश गुप्ता, कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष रोहित रंजन, सदस्य सुबोध मिश्र, मताल हेम्ब्रम, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रसिक टुडू, छोटका मरांडी, श्याम सोरेन, छात्र चेतना संगठन के प्रखंड अध्यक्ष परमजीत झा छोटू, राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, नगर अध्यक्ष सतीश महतो, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष लंबोदर दरवे, श्याम कुमार, राजकिशोर मंडल, संजीव मिश्र एवं निर्वाचन शाखा के कर्मी रवि वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/umed