दुमका। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव बासुकीनाथ 2024 की तैयारियों को लेकर पहली बैठक समाहरणालय सभागार में हुई। उपायुक्त ने कहा कि आगामी सावन महीने में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव बासुकीनाथ में आयोजित होगा। श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक बाबा बासुकीनाथ का दर्शन कराने हेतु प्रतिबद्ध है। मेला के सफल आयोजन के लिए अभी से ही युद्धस्तर पर कार्य करते हुए मेला प्रारंभ होने के पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर लेने की आवश्यकता है। मेला की व्यापक तैयारियों के लिए राशि का आकलन हुए आवंटन उपलब्ध कराने के लिए विभाग को अधियाचना पत्र शीघ्र भेज दी जाए, ताकि विभाग से ससमय करते आवंटन प्राप्त हो एवं सभी व्यवस्थाएं मेला प्रारंभ होने के पूर्व सम्पन्न कराए जा सकें।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कांवरिया रूट में बेरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट, साज सज्जा, ओपी की व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या ना हो। उन्होंने कहा कि जगह-जगह पर शौचालय, पानी की व्यवस्था की जाए। आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या न हो। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से बेरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस अधिक्षक, उप विकास आयुक्त, आइटीडीए निदेशक, सहायक समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।