CGL 2023 परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक का आरोप, 3 अक्टूबर को झारखंड बंद

Aadiwasi karnti sena

*दुमका: आदिवासी क्रांति सेना (AKS) ने दुमका सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित CGL 2023 परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक का गंभीर आरोप लगाया गया। विगत 21 और 22 सितंबर को आयोजित इस परीक्षा में राज्यभर के परीक्षार्थियों ने लीक का दावा किया है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने विभिन्न सबूत इकट्ठा कर JSSC कार्यालय को सौंपे, लेकिन आयोग ने उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और टालमटोल रवैया अपनाया है।

छात्रों ने मांग की है कि झारखंड सरकार इस परीक्षा की संपूर्ण जांच करवाए और JSSC CGL 2023 परीक्षा को रद्द किया जाए। इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने के लिए 3 अक्टूबर को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। यह बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जिसमें सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान, बाजार, सड़कों और परिवहन सेवाओं को बंद रखा जाएगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को बंद से छूट दी जाएगी।

इस मौके पर आदिवासी क्रांति सेना के केंद्रीय अध्यक्ष मुकेश आरडीएक्स टुडू, संगठन महासचिव निखिल मुर्मू, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमर मरांडी, सीमांत हांसदा और अन्य सदस्य उपस्थित थे। छात्रों ने एकजुट होकर सरकार से सही स्थानीय और नियोजन नीति बनाने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/5u4j