
जरमुंडी थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल सात लोग घायल हो गए। पहली घटना बासुकीनाथ-नोनीहाट मुख्य मार्ग पर हुई, जबकि दूसरी घटना दुमका-देवघर मुख्य मार्ग के जोगिया मोड़ के पास हुई।
दूसरी घटना में, एक बोलेरो नियो वाहन, बाइक सवार को बचाने के प्रयास में, सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक पिंटू राकेश और बोलेरो में सवार पांच यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जरमुंडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। पिंटू राकेश, रामानंद यादव और निशु कुमारी को गंभीर हालत में दुमका के फूलो झानो मेडिकल अस्पताल और देवघर के कुंडा अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान बिहार के बोधगया निवासी रामानंद यादव, उनकी पत्नी इंदु देवी, और बेटियों निशु कुमारी, कनक कुमारी के रूप में हुई। बाइक सवार युवक पिंटू राकेश, जरमुंडी के कुशमाहा गांव का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो में सवार यात्री देवघर से बासुकीनाथ जा रहे थे, जबकि पिंटू राकेश अपनी पत्नी सोखिया देवी के साथ कहीं जा रहे थे। जोगिया मोड़ के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोलेरो में लगे एयर बैग के खुल जाने से चालक और आगे बैठे यात्री की जान बच गई।
मौके पर पहुंचे टीम बादल विक्रम पत्रलेख और अन्य लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल ने भी अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को रेफर और इलाज में सराहनीय सहायता की। जरमुंडी के सब इंस्पेक्टर रोहित साह ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
