21 जुलाई 2024, दुमका: मयूराक्षी कला मंच बासुकीनाथधाम से राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2024 का उद्घाटन हुआ। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग झारखंड सरकार के मंत्री मिथलेश कुमार ठाकुर ने नारियल फोड़कर और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मेले का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री मिथलेश कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। बाबा बासुकीनाथ के भक्तों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि विधायक जरमुंडी बादल ने लगातार जरमुंडी को अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है और विश्वास जताया कि जल्द ही यह अनुमंडल बनेगा। श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो, इसके लिए सभी विभागों ने काम किया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मेले के सफल आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की और बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
विधायक जरमुंडी बादल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी, इसका ध्यान रखा जाएगा। स्थानीय लोगों के सहयोग से ही इस मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बासुकीनाथ को एक अग्निशमन वाहन प्रदान किया गया है जो पूरी तरह से यहां प्रतिनियुक्त रहेगा। जरमुंडी को अनुमंडल बनाने के प्रयासों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने बाबा बासुकीनाथ से प्रार्थना की कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उन्हें ऊर्जा प्रदान करें।
स्वागत संबोधन में उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। विस्तृत तैयारियों के तहत 4000 लोगों के आवासन की व्यवस्था की गई है। टेंट सिटी, आवासन केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए हैं। टेंट सिटी को हवादार बनाया गया है, और साथ ही चार्जिंग पॉइंट, पेयजल, शौचालय की व्यवस्था की गई है। 70 स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस को मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है। लगभग 500 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालु एक बेहतर संदेश लेकर जा सकें।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2024 का उद्घाटन किया। अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ और पारंपरिक रीति-रिवाज से किया गया। इस दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में संथाल परगना के आयुक्त लालचंद दादेल, पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, प्रखंड प्रमुख बसंती टुडु, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा सहित मंदिर के पंडागण उपस्थित थे।