महागामा। महागामा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अज्ञात उच्चकों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए फिर से बाइक से पैसे पर झपट्टा मारकर भागने में सफल रहा। घटना महागामा – ललमटिया मुख्य मार्ग स्थित केंचुआ चौक के समीप पेट्रोल टंकी के पास की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहण्डिया बाजार निवासी पप्पू गुप्ता बुधवार को अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से पैसा निकासी के लिए महागामा के ऊर्जानगर कांपलेक्स स्थित पोस्ट ऑफिस आए हुए थे। बताया जाता है कि 70 हजार रुपए निकासी के बाद पैसा को झोला में रखकर मोटर साइकिल के हैंडल पर टांग कर घर की ओर निकल पड़े। घर जाने के दरम्यान पेट्रोल टंकी के समीप पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात उच्चकों ने झपट्टा मारते हुए पप्पू गुप्ता के मोटरसाइकिल के हैंडल में लगे झोला को लेकर भाग निकला।घटना के बाद दोनों पति पत्नी के होश उड़ गए। झपट्टा मार अपराधी मोटरसाइकिल से कहलगांव मार्ग की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर कमलेश प्रसाद, थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर छानबीन में जुट गए। पुलिस के द्वारा लोगों से पूछताछ के बाद अपराधियों का पीछा सीमावर्ती बिहार के एकचारी तक किया गया, लेकिन अपराधी का पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन के द्वारा जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला गया, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया। समाचार भेजे जाने तक पीड़ित पप्पू गुप्ता ने अब तक थाने में आवेदन नहीं दिया हैं। थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि घटना की छानबीन जारी है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/2an7