बासुकीनाथ स्टेशन में अप पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुई घटना
बासुकीनाथ। बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह 10 बजे के करीब ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक 30 वर्षीय युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान रविन्द्र राम पिता किरानी राम, ग्राम धर्मपुर, बोगली गांव निवासी बताया जाता है। रविन्द्र राम बासुकीनाथ स्टेशन पर जसीडीह जाने के लिए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, इस क्रम में जल्दबाजी के दौरान पांव फिसलने से वह गिर पड़ा और घायल हो गया। युवक के घायल होने पर युवक को बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर के द्वारा ईलाज के लिए टोटो से बासुकीनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों द्वारा युवक की प्राथमिक चिकित्सा करके उसे बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया।