मुजफ्फरपुर I मुजफ्फरपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग फिर से दोहराई है। मोतीपुर में गुरुवार को भारत ऊर्जा डिस्ट्रीलेरी प्रालि एथेनॉल प्लांट का उद्घाटन करने के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार पिछड़ा राज्य है। इसके बावजूद सबसे तेज आर्थिक विकास दर बिहार की है, लेकिन प्रति व्यक्ति आय देश की औसत से बहुत कम है। ऐसे में जरूरी है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले।एथेनॉल प्लांट का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री नीतीश ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार ने खुद आगे से इसकी पहल की थी। साल 2007 से ही हम इसमें लगे हैं, तब केंद्र सरकार ने अनुमति नहीं दी। कहा गया था कि गन्ना से चीनी की जगह एथेनॉल नहीं बनेगा। साल 2020 में जब इसकी चर्चा शुरू हुई तो हमने भी प्लान बताया। साल 2021 में एथेनॉल पॉलिसी आई। बिहार से 152 प्रस्ताव गए थे, जिसमें से 17 को मंजूरी मिल गई।पूर्व उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन से आग्रह है कि बिहार का कोटा केंद्र से बढ़वाएं। इसका क्रेडिट हम उनको ही देंगे। बिहार में अभी 11 और प्लांट पर काम चल रहा है। मुजफ्फरपुर में ही चार प्लांट लगेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश ने अपने संबोधन में एकजुटता और भाईचारे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम मेहनत करते हैं। उसको उतना महत्व नहीं मिलता। कुछ लोग अपने काम को खूब छपवाते हैं। वहीं कुछ लोग गड़बड़ भी कर रहे हैं। इधर उधर करने वालों के चक्कर में नहीं रहना है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि भाईचारा और एकजुटता बनाए रखें। बिहार का विकास होता रहेगा। उद्योग के साथ क्षेत्रों में भी काम हो रहा है।
महिलाओं को दी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को साइकिल योजना से लेकर उद्यमी योजना तक में शामिल किया। अब सभी जाति और धर्म की महिलाओं को 10 लाख रुपये तक सरकार दे रही है। पांच लाख अनुदान और पांच लाख ऋण के रूप में। जीविका दीदी की संख्या आज 1.30 करोड़ हो चुकी है। महिलाएं तेजी से बढ़ रही हैं। वे पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर बिहार का विकास करने में सहयोग कर रही हैं।इस कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, राज्य के वित्त मंत्री विजय चौधरी, उद्योग मंत्री समीर महासेठ, पूर्व उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, प्रभारी मंत्री जितेंद्र कुमार राय और एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह , भारत उर्जा कंपनी के निर्देशक कोमल सिंह, शुभम कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।