झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से 50 लाख महिलाएं होंगी लाभान्वित: सचिव

maiya bahna Yogna 2

रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 50 लाख महिलाओं को लाभान्वित करने की घोषणा की गई है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस योजना की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से 50 वर्ष की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की राशि दी जाएगी।

मनोज कुमार ने कहा कि योजना को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। योजना के पहले दिन कुल 2582 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इस योजना का पोर्टल जैप आईटी द्वारा तैयार किया गया है और आवेदन का सत्यापन भी इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन पोर्टल पर एक घंटे में 36 हजार हिट प्राप्त हुए और एक दिन में लगभग 15 लाख हिट हुए हैं, जो इस योजना की लोकप्रियता को दर्शाता है।

सचिव ने यह भी बताया कि मंईयां योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो अन्य किसी पेंशन योजना का लाभ नहीं ले रही हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, एपिक कार्ड, आधार लिंक्ड बैंक खाता और झारखंड का निवासी होना अनिवार्य है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग के अन्य उच्च अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने योजना की विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और इसे राज्य की महिलाओं के उत्थान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/3mw2